छत्तीसगढ़

पटवारियों की हड़ताल पर मंत्री टंकराम वर्मा की अपील, बोले- किसानों के हित में काम पूरा करें..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने पटवारियों से किसानों के हित में काम जारी रखने और सरकार का सहयोग करने की अपील की है। पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से PV ऐप की तकनीकी समस्याओं, निलंबन की कार्रवाई और अन्य लंबित मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं।

धान खरीदी में पारदर्शिता पर जोर

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि धान खरीदी के दौरान बाहर से धान आने की आशंका रहती है। ऐसी गड़बड़ियों को रोकने और खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए डिजिटल क्रॉप सर्वे महत्वपूर्ण है।

19 हजार गांवों में हो रहा डिजिटल सर्वे

मंत्री के अनुसार, पिछले साल प्रदेश के 14 हजार गांवों में डिजिटल क्रॉप सर्वे किया गया था। इस वर्ष इसका दायरा बढ़ाकर 19 हजार गांवों तक किया गया है। अब तक करीब 1 करोड़ 90 लाख खसरों का सर्वे पूरा हो चुका है, जो कुल कार्य का लगभग 95 प्रतिशत है।

PV ऐप की समस्याओं को लेकर हड़ताल

राजस्व पटवारी संघ का कहना है कि फसल के भौतिक सत्यापन के लिए इस्तेमाल किए जा रहे PV ऐप में तकनीकी और व्यावहारिक परेशानियां आ रही हैं। इसके अलावा ऐप का बहिष्कार करने वाले पटवारियों के निलंबन और अन्य मांगों को लेकर भी नाराजगी है।

किसानों के हित में काम पर लौटने की अपील

मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि यह समय किसानों और धान खरीदी के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने पटवारियों से डिजिटल सर्वे का काम पूरा करने और किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सहयोग करने की अपील की।

हड़ताल के कारण आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, फसल सत्यापन, गिरदावरी और किसान पंजीयन जैसे राजस्व कार्य प्रभावित होने की आशंका है। अब इस मामले में सरकार और पटवारी संघ के बीच आगे क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Back to top button