छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में मां-बेटे की हत्या का खुलासा, जादू-टोने के शक में वारदात; 3 आरोपी गिरफ्तार..

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में मां और बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे जादू-टोना करने का शक और पारिवारिक विवाद सामने आया है। आरोप है कि परिवार के ही सदस्यों ने इस घटना को अंजाम दिया। हमले में मृतका की बेटी भी घायल हुई थी।

घर में मिली मां-बेटे की लाश

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कमला सोनकर और उनके 21 वर्षीय बेटे खुपेंद्र सोनकर के रूप में हुई है। दोनों चौथना गांव में रहते थे और सब्जी बेचने का काम करते थे। 9 अक्टूबर की रात हुई इस वारदात में मां-बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, कमला सोनकर की बेटी ममता सोनकर भी हमले में घायल हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान परिवार के बीच चल रहे विवाद और जादू-टोने के शक की बात सामने आई।

चाची पर जादू-टोने का शक होने की बात आई सामने

पुलिस के मुताबिक, मामले में कमला सोनकर के भतीजे हेमंत कुमार सोनकर पर संदेह हुआ। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि आरोपी को अपने परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत खराब रहने के कारण चाची कमला सोनकर और उनके परिवार पर जादू-टोना करने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी आरोपी को सिर में तेज दर्द हुआ था। आरोप है कि इसके बाद उसने घर में घुसकर हमला किया।

सबूत मिटाने की कोशिश का भी आरोप

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी ने खून से सने कपड़े और लोहे की कुल्हाड़ी के लकड़ी वाले बेंट को जलाने का प्रयास किया और फिर वहां से फरार हो गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी के भाई सोनू सोनकर (34) और मां केशर सोनकर (55) को भी घटना की जानकारी थी। मामले में तीनों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने और साजिश से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

पुलिस जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।

Leave a Reply

Back to top button