छत्तीसगढ़

CG हादसा: खरोरा में कार-ट्रैक्टर की भीषण भिड़ंत, पुलिसकर्मी समेत 2 की मौके पर मौत; तीसरा जिंदगी और मौत से जूझ रहा, चालक फरार..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के खरोरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बंगोली के पास कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में पुलिसकर्मी समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

खरोरा से रायपुर जा रहे थे तीनों युवक

जानकारी के मुताबिक, कार में पुलिसकर्मी कमलेश वर्मा, रूपेश निषाद और गोपी सवार थे। तीनों तर्रा गांव के रहने वाले थे और खरोरा से रायपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बंगोली के पास उनकी कार ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार कमलेश वर्मा और रूपेश निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। कमलेश वर्मा सिलतरा थाने में पदस्थ थे।

कार में फंसा घायल युवक, अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में गोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और कार में फंस गया। मौके पर मौजूद अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा ने घायल को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद उसे लक्ष्मीनारायण अस्पताल, दौंदेकला पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

ट्रैक्टर चालक फरार, पुलिस कर रही जांच

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।

इस दुर्घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Back to top button