बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के विजयनगर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सोमवार को मधुमक्खियों के हमले से हड़कंप मच गया। स्कूल में पढ़ाई के दौरान अचानक मधुमक्खियों का झुंड कक्षा में घुस गया और बच्चों पर हमला कर दिया। घटना में 12 से अधिक छात्र घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बच्चे भोजन अवकाश के दौरान अपनी कक्षा में बैठे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में मधुमक्खियां अचानक कक्षा के अंदर पहुंच गईं और छात्रों को डंक मारना शुरू कर दिया। हमले के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के तुरंत बाद स्कूल प्राचार्य और शिक्षकों ने घायल छात्रों को रामानुजगंज के शासकीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 4 बच्चों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायल छात्रों का इलाज रामानुजगंज अस्पताल में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। एसडीएम, तहसीलदार और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने घायल बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। अधिकारियों ने डॉक्टरों को बच्चों के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
रामानुजगंज अस्पताल की डॉक्टर रुक्मणी के मुताबिक, 4 बच्चों की स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य बच्चों की हालत सामान्य बताई जा रही है।



