दुर्ग। जिले के रानीतराई थाना क्षेत्र में खारुन नदी पर दर्दनाक हादसा हो गया। ओदरागहन एनीकट पार करते समय काई की वजह से बाइक फिसल गई, जिससे बाइक सवार दो युवक नदी में गिर गए। हादसे में एक युवक की डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक ने बाइक पकड़कर किसी तरह अपनी जान बचा ली।
घटना 17 सितंबर की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। दोनों युवक धमतरी जिले के तर्रा गोंदी गांव के रहने वाले थे और विश्वकर्मा जयंती का कार्यक्रम देखने के बाद बाइक से ओदरागहन एनीकट के रास्ते खारुन नदी पार कर रहे थे।
बताया गया कि एनीकट के ऊपर करीब एक फीट पानी बह रहा था और सतह पर काफी काई जमा थी। इसी दौरान बाइक अचानक फिसल गई और दोनों युवक नदी में जा गिरे। एक युवक ने बाइक को पकड़कर खुद को संभाल लिया, लेकिन सुरेंद्र कुमार यादव (38) तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही रानीतराई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाश शुरू की गई। शुक्रवार 18 सितंबर को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया। डीप डाइवर राजकुमार यादव और ओंकार ने नदी में सघन तलाश के बाद सुरेंद्र कुमार यादव का शव बरामद कर लिया।
मृतक धमतरी जिले के ग्राम तर्रा गोंदी का रहने वाला था। शव को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।



