छत्तीसगढ़

रायगढ़ में युवक की बेरहमी से हत्या, सिर कुचलकर उतारा मौत के घाट..

रायगढ़। शहर के रामभाठा स्थित पुराने बस डिपो परिसर में मंगलवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की सिर कुचलकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान धनुर्जय चौहान के रूप में हुई है, जो संजय मैदान क्षेत्र में रहता था। शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि नशे के दौरान हुए विवाद के बाद युवक पर हमला किया गया होगा।

बताया जा रहा है कि रामभाठा का पुराना बस डिपो परिसर लंबे समय से नशेड़ियों के जमावड़े के लिए बदनाम रहा है। पुलिस इसी आधार पर यह भी जांच कर रही है कि क्या नशे के दौरान किसी विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस को मामले में दो से तीन संदिग्धों के शामिल होने की आशंका है। हालांकि अभी हत्या की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस के साथ FSL टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल पुलिस हत्या की वजह, घटनाक्रम और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद मामले में और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Back to top button