कांकेर। जिले के लारगांव मरकाटोला में बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा शुक्रवार को फूट पड़ा। गांव के प्राथमिक स्कूल में बाउंड्रीवाल नहीं होने और जंगली भालुओं के लगातार मंडरा रहे खतरे के विरोध में ग्रामीणों ने स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और धरने पर बैठ गए।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर पूरी तरह खुला होने के कारण बच्चों की जान हमेशा खतरे में रहती है। दो दिन पहले भालू के हमले में दो सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। इसी घटना से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल बंद कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों की मांग है कि स्कूल की सुरक्षा के लिए तत्काल बाउंड्रीवाल बनाई जाए, क्षेत्र में वन विभाग के कम से कम चार बीट गार्ड तैनात किए जाएं और गांव के आसपास घूम रहे भालुओं का जल्द रेस्क्यू किया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात भी एक भालू गांव में घुस आया था और एक घर में तोड़फोड़ कर दहशत फैला दी।
ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक धरना जारी रहेगा। मामले की जानकारी मिलते ही प्रशासन और वन विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।



