छत्तीसगढ़

कांकेर में 6.5 लाख के नकली नोटों का खुलासा, घर में छाप रहा था जाली नोट; युवक गिरफ्तार..

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नकली नोट छापने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने एक युवक को करीब 6.5 लाख रुपए के नकली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 500-500 रुपए के जाली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल प्रिंटर, लैपटॉप और स्कैनर भी जब्त किया है।

बस स्टैंड पर नकली नोट खपाने की थी कोशिश

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक कांकेर के नए बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी संख्या में नकली नोट लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 रुपए के कई नकली नोट मिले।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नशे का आदी था और कर्ज में डूबा हुआ था। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने घर पर ही नकली नोट तैयार करना शुरू कर दिया था।

5-6 महीने से चल रहा था नकली नोट छापने का खेल

पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले 5-6 महीनों से प्रिंटर और स्कैनर की मदद से नकली नोट तैयार कर रहा था। इसके बाद इन्हें बाजार में चलाने की कोशिश की जा रही थी।

पुलिस ने आरोपी के घर पर दबिश देकर नकली नोट बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरण भी जब्त किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले कितने नकली नोट बाजार में खपाए और इस काम में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह भी शामिल है या नहीं।

नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस नकली नोटों के पूरे नेटवर्क और उनके इस्तेमाल की जगहों की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

Leave a Reply

Back to top button