छत्तीसगढ़

दुर्ग में उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, लूट के बाद 4 आरोपी फरार..

दुर्ग। जिले के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र के तुमाकला गांव में दिनदहाड़े हुई वारदात से सनसनी फैल गई। बाइक सवार चार बदमाशों ने उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल उपसरपंच की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल और करीब 4 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

रास्ते में रोककर किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह कश्यप अपने साथी के साथ रास्ते से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि लूट के इरादे से बदमाशों ने उन पर चाकू से हमला किया। हमले में प्रकाश सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

उनके साथ मौजूद व्यक्ति ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शुरू की आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।

बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी तुमाकला गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस वारदात के पीछे लूट के अलावा अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button