अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित सत्तीपारा बेचन कॉलोनी में 13 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा का शव कमरे के अंदर मिला। उसके गले पर फांसी लगाने जैसा निशान था, लेकिन कमरे से न तो कोई रस्सी मिली और न ही ऐसा कोई सामान, जिससे फांसी लगाए जाने की पुष्टि हो सके। ऐसे में पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान छाया लारिया (13) के रूप में हुई है। वह होली क्रॉस स्कूल में कक्षा 6वीं की छात्रा थी। उसके पिता दयाशंकर लारिया, जो पीएचई विभाग में कार्यरत हैं, अंबिकापुर की बेचन कॉलोनी में किराए के मकान में बेटी के साथ रहते थे।
बताया गया कि 29 जुलाई को दयाशंकर लारिया ड्यूटी पर जाने के बाद दोपहर करीब साढ़े 12 बजे घर लौटे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो बेटी बेड पर बेसुध पड़ी मिली। पड़ोसियों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान पुलिस ने छात्रा के गले पर फंदे जैसा निशान देखा, लेकिन कमरे से कोई रस्सी, फंदा या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ। इस वजह से मामला संदिग्ध बन गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।



