जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के घुटरी गांव में एक पति ने शराब के नशे में अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पसंद की सब्जी नहीं बनने से नाराज था। विवाद इतना बढ़ा कि उसने पत्नी पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई को 46 वर्षीय दुबेश्वरी बाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली थी। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें हत्या की पुष्टि हुई। इसके बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान आरोपी पति जगेश्वर राम (48) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि शराब के नशे में घर लौटने पर खाने में पसंद की सब्जी नहीं मिलने से गुस्सा आ गया और विवाद के दौरान उसने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।



