बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। फेसबुक पर दोस्ती कर दो महिलाओं ने एक वकील को ड्रॉप शिपिंग बिजनेस और फोरेक्स ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का झांसा देकर 47.60 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में सरकंडा पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी अधिवक्ता सुरेंद्र कुमार देवांगन (42) की 10 जून को फेसबुक पर अदिति मल्होत्रा और प्रिया शर्मा नाम की दो महिलाओं से पहचान हुई। दोनों ने खुद को ऑनलाइन बिजनेस और फोरेक्स ट्रेडिंग की विशेषज्ञ बताते हुए निवेश करने पर मोटा मुनाफा मिलने का दावा किया।
महिलाओं की बातों में आकर वकील ने उनके बताए अनुसार फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट पर अकाउंट बनाया और 14 से 20 जुलाई के बीच RTGS, NEFT, IMPS और UPI के माध्यम से अलग-अलग खातों में 47 लाख 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
जब उन्होंने अपनी निवेश की गई राशि वापस निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने कन्वर्जन फीस, प्रोसेसिंग चार्ज और गारंटी मनी के नाम पर और पैसे जमा करने की मांग की। अतिरिक्त रकम देने से इनकार करने पर उनका ट्रेडिंग अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया।
ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल और सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इसी तरीके से एक अन्य व्यक्ति से भी करीब 3 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है।
फिलहाल सरकंडा पुलिस मोबाइल नंबर, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



