छत्तीसगढ़

भिलाई में दर्दनाक सड़क हादसा: दो सगी बहनें और दो मासूमों की मौत..

भिलाई।  दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। एक स्कूटी पर सवार दो सगी बहनों और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक 8 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का रायपुर एम्स में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, भिलाई-3 निवासी अमृत निर्मलकर (28) अपनी बहन लक्ष्मी निर्मलकर (26) और बच्चों के साथ रायपुर के बसंत विहार स्थित मामा के घर जा रही थीं। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे खड़े ट्रैक्टर के पीछे उनकी स्कूटी तेज रफ्तार में जा भिड़ी।

हादसा इतना भयावह था कि अमृत निर्मलकर, लक्ष्मी निर्मलकर, 7 वर्षीय याचना और 4 वर्षीय डाली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया और बाद में रायपुर एम्स रेफर किया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूटी पर एक साथ पांच लोग सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच जारी है।

मृतका अमृत निर्मलकर के पति लोकेश ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले उनकी पत्नी ने फोन कर बताया था कि वह बच्चों के साथ मामा के घर जा रही हैं। कुछ ही देर बाद दुर्घटना की सूचना मिली। उन्होंने बताया कि परिवार ने करीब एक महीने पहले ही नई स्कूटी खरीदी थी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला मर्चुरी भेज दिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button