छत्तीसगढ़

कोरबा में दिनदहाड़े सनसनीखेज हत्या: सुबह विवाद, दोपहर में सो रहे हमाल के सिर पर 35 वार कर उतारा मौत के घाट..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में दिनदहाड़े हुई एक नृशंस हत्या ने पूरे शहर को दहला दिया। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे एक हमाल की लकड़ी के बत्ते से बेरहमी से हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी सो रहे युवक पर लगातार हमला करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था। बताया जा रहा है कि सुबह आरोपी और मृतक के बीच नशे की हालत में विवाद और मारपीट हुई थी। इस दौरान मृतक ने आरोपी की पिटाई कर दी थी, जिससे आरोपी बदला लेने की फिराक में था।

दोपहर में जब राजेश रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बने चबूतरे पर सो रहा था, तभी आरोपी वहां पहुंचा और लकड़ी के बत्ते से उसके सिर पर ताबड़तोड़ करीब 30 से 35 वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों हमाल थे तथा खानाबदोश जीवन जीते थे। दोनों नशे के आदी बताए जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि सुबह हुए विवाद के बाद आसपास के लोगों ने दोनों को अलग कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन आरोपी ने कुछ घंटों बाद बदला लेने की नीयत से हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button