गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के मुनगापदर गांव निवासी एक युवक का शव ओडिशा सीमा क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मुनगापदर निवासी 35 वर्षीय परमेश्वर मरकाम के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है और हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने अभी तक मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि मृतक परमेश्वर मरकाम बिन्द्रानवागढ़ के पूर्व विधायक Damrudhar Pujari के रिश्तेदार थे। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं गांव में भी मातम का माहौल है।
घटनास्थल ओडिशा सीमा क्षेत्र में होने के कारण वहां की पुलिस ने जांच अपने हाथ में ले ली है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल हत्या समेत सभी संभावित एंगल पर जांच जारी है।



