छत्तीसगढ़

बिलासपुर के निजी अस्पताल में हंगामा, बिल विवाद के बाद चाकू लहराने का आरोप..

बिलासपुर। तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में इलाज के बाद बिल भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। आरोप है कि इलाज कराने पहुंचे दो युवकों ने कर्मचारियों से विवाद करते हुए चाकू लहराया, सुरक्षा गार्ड को जान से मारने की धमकी दी और अस्पताल में तोड़फोड़ की कोशिश की। घटना के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, तिफरा निवासी और न्यू जनता अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत नारायण मिश्रा ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि 15 जून की रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे।

इलाज के बाद बिल भुगतान को लेकर दोनों युवकों का अस्पताल कर्मचारियों से विवाद शुरू हो गया। शोर-शराबा बढ़ने पर सुरक्षा गार्ड ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों युवक गाली-गलौज पर उतर आए।

शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकालकर लहराया और सुरक्षा गार्ड को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे अस्पताल परिसर से बाहर निकल गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button