छत्तीसगढ़

मोबाइल बैटरी फटने से दर्दनाक हादसा, 1 वर्षीय बच्चे की मौत..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ग्राम ब्रम्हापुर में मोबाइल की खराब बैटरी फटने से 1 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय बेटा आदित्य सिंह अपने भाई-बहनों के साथ खेल रहा था। खेलते-खेलते बच्चे घर के बाहर पड़े कूड़े-कचरे के पास पहुंच गए, जहां उन्हें एक खराब मोबाइल बैटरी मिली। बच्चे बैटरी को घर ले आए और खेल-खेल में उसे जलती हुई आग में डाल दिया।

बैटरी आग में गिरते ही जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट की चपेट में आने से आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके चेहरे, सीने, पेट और हाथों में गंभीर चोटें आईं।

परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उपचार के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Back to top button