छत्तीसगढ़

रमन सिंह की नाराजगी के बाद प्रशासन पर गिरी गाज..

रायपुर। बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के कार्यक्रम में सामने आई अव्यवस्थाओं को लेकर अब प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की सार्वजनिक नाराजगी के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूरे मामले की जांच के आदेश संभागीय आयुक्त को दे दिए हैं। साथ ही प्रारंभिक जांच में लापरवाही के लिए जिम्मेदार माने जा रहे तीन अधिकारियों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

जानकारी के अनुसार, बेमेतरा में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर भारी अव्यवस्था देखने को मिली थी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री और कई मंत्री मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मंच से ही डॉ. रमन सिंह ने प्रशासनिक तैयारियों पर नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई थी।

मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कार्यक्रम खुले मैदान में टेंट लगाकर आयोजित किया जा रहा था, लेकिन अचानक बारिश होने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो गईं। उन्होंने बताया कि वैकल्पिक स्थल पर आयोजन कराने का सुझाव दिया गया था, लेकिन समय की कमी के कारण कार्यक्रम को पूर्व निर्धारित स्थल पर ही आयोजित करना पड़ा।

सूत्रों के अनुसार, आयोजन स्थल पर भीड़ के अनुरूप बैठने की व्यवस्था, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव था। इसके अलावा बारिश के दौरान बिजली उपकरणों में शॉर्ट सर्किट जैसी समस्याएं भी सामने आईं, जिससे कार्यक्रम में अव्यवस्था बढ़ गई।

प्रारंभिक तौर पर एसडीओ बेमेतरा प्रकाश कुमार भारद्वाज, पीएचई के कार्यपालन अभियंता जेपी गोंड़ और नायब तहसीलदार राजाराम लहरे को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं संभागीय आयुक्त को पूरे मामले की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकार का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी और यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Back to top button