छत्तीसगढ़

बिलासपुर में पत्नी का खौफनाक कदम, सोते पति पर हंसिए से वार..

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के चकरभाठा क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घरेलू विवाद और अवैध संबंधों के शक में एक महिला ने रात में सो रहे अपने पति पर हंसिए से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला द्रोपती बाई और उसके पति राजेश कौशिक के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। महिला को शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला के साथ संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे।

बताया जा रहा है कि घटना वाली रात राजेश शराब के नशे में घर लौटा था। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद के बाद राजेश सो गया, लेकिन देर रात महिला ने घर में रखे हंसिए से उस पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के समय घर में उनका नाबालिग बेटा और एक रिश्तेदार महिला भी मौजूद थी। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि महिला पति की शराबखोरी और मारपीट की आदतों से भी परेशान थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button