छत्तीसगढ़

रायपुर निगम में भाजपा की अंदरूनी कलह, जोन-10 में बवाल..

रायपुर। नगर निगम के जोन-10 में भाजपा के भीतर ही बड़ा राजनीतिक विवाद सामने आया है। यहां 6 भाजपा पार्षदों ने अपने ही जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्षदों ने महापौर मीनल चौबे और पार्टी नेतृत्व को लिखित शिकायत देकर उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की है।

पार्षदों ने चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं की गई तो वे जोन कार्यालय में तालाबंदी कर उग्र प्रदर्शन करेंगे।

आरोपों में कहा गया है कि जोन अध्यक्ष सचिन मेघानी अन्य वार्डों के मामलों में हस्तक्षेप कर रहे हैं, अवैध निर्माणों को संरक्षण दे रहे हैं और निगम अधिकारियों पर दबाव डालकर कार्रवाई रुकवा रहे हैं। बोरियाकला क्षेत्र में एक अवैध अस्पताल पर कार्रवाई रोकने को लेकर यह विवाद और गहरा गया है।

इस पूरे मामले ने रायपुर की राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है, खासकर इसलिए क्योंकि सचिन मेघानी को वरिष्ठ भाजपा नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल का करीबी माना जाता है।

महापौर मीनल चौबे ने कहा है कि पार्षदों की शिकायत मिली है और मामले पर विचार किया जाएगा। वहीं, सचिन मेघानी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उन्हें अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है और वे संगठन से बात करेंगे।

Leave a Reply

Back to top button