बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर युवती द्वारा बनाई गई एक रील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। वायरल वीडियो में युवती हाईवे पर चलती कार के सामने रैंप वॉक करती, शैंपेन की बोतल खोलकर मस्ती करती और कार की छत पर चढ़कर अलग-अलग पोज देती नजर आ रही है। मामला सामने आने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार यह वीडियो बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे के कोनी थाना क्षेत्र स्थित तुर्काडीह ओवरब्रिज के पास का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर कार मालिक की पहचान कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
ट्रैफिक अधिकारियों के मुताबिक चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, स्टंट करना और हाईवे पर इस तरह का सेलिब्रेशन सड़क सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन है। पुलिस ने कार जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए RTO को भी पत्र भेजा जाएगा।
बता दें कि बिलासपुर में हाईवे पर रील और स्टंटबाजी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले भी BMW कार में युवती के सनरूफ से बाहर निकलकर डांस करने और लग्जरी कारों का काफिला निकालकर स्टंट करने के कई वीडियो वायरल हो चुके हैं, जिन पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।



