छत्तीसगढ़

खेल की उम्र में मजदूरी, हादसे में घायल हुए मासूम..

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। कुसमी विकासखंड के कमलापुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे में ट्रैक्टर पलटने से तीन नाबालिग मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार घायल बच्चों की उम्र महज 11 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है। बताया गया कि बच्चे ईंट भट्ठे में मजदूरी कर रहे थे, तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और तीनों उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई।

स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद बच्चों को ट्रैक्टर और मलबे के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को इलाज के लिए कुसमी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि इलाके में अवैध रूप से बालश्रम कराया जा रहा है और प्रशासन इस पर कार्रवाई करने में नाकाम रहा है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ईंट भट्ठा संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button