छत्तीसगढ़

घर के बाहर नशा करने से मना करना पड़ा भारी, चाकूबाजी में तीन घायल..

रायपुर। राजधानी रायपुर के पारस नगर इलाके में देर रात मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। घर के सामने नशा करने से मना करने पर बदमाशों ने एक ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी समेत उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल इलाके में नशा कर रहे थे। इसका विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने चाकू निकालकर अरुण साहू, उनकी पत्नी रजनी साहू और बेटे अनुज साहू पर हमला कर दिया।

घटना में अरुण साहू और उनके बेटे अनुज साहू की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए ADCP सेंट्रल और ACP कोतवाली समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी साहिल खान और उसके पिता इस्माइल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button