छत्तीसगढ़

CG- इंजेक्शन के बाद महिला की मौत, डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप, अस्पताल में हंगामा..

बलरामपुर। जिले के वाड्रफनगर स्थित 100 बिस्तरीय सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने जांच समिति गठित कर दी है।

वाड्रफनगर ब्लॉक के सोनहत गांव निवासी राजकालिया को तेज बुखार की शिकायत थी। परिजन उन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि अस्पताल में महिला को एक इंजेक्शन लगाया गया, जिसके कुछ ही मिनट बाद उनके शरीर में तेज खुजली और घबराहट शुरू हो गई।

परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगने के करीब 10 मिनट के भीतर महिला की हालत तेजी से बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद डॉक्टरों ने समय रहते उचित इलाज और इमरजेंसी सुविधा उपलब्ध नहीं कराई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इधर, मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने विशेष जांच समिति गठित की है। जांच दल की अध्यक्षता बलरामपुर जिला अस्पताल के वरिष्ठ जनरल सर्जन डॉ. रमेश कुमार को सौंपी गई है, जबकि डॉ. इंदु अवस्थी को सदस्य बनाया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने जांच टीम को जल्द निष्पक्ष रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Back to top button