कोरबा। एसईसीएल कोरबा के मुड़ापार स्थित मुख्य अस्पताल के समीप संचालित साप्ताहिक बाजार क्षेत्र में सोमवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि बाजार के पास पड़े कचरे के ढेर में आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
आग तेजी से फैलते हुए पास की तीन दुकानों तक पहुंच गई। आग की लपटें इतनी भयावह थीं कि तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। घटना के दौरान बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका कचरे के ढेर से आग फैलने की जताई जा रही है। आगजनी की इस घटना में दुकानदारों को भारी नुकसान हुआ है।



