छत्तीसगढ़

बालोद में सनसनी: बच्ची की कब्र से सिर गायब होने पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा..

बालोद। जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम माहुद-बी में तीन वर्षीय मासूम प्रिया साहू की कब्र से सिर गायब होने के सनसनीखेज मामले में तीन महीने बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। जांच में लगातार हो रही देरी और पुलिस की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीण सोमवार को बड़ी संख्या में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और जमकर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि इतने गंभीर मामले में पुलिस अब तक किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने हल्दी चौकी प्रभारी पर धमकाने और शिकायत दबाने का भी आरोप लगाया। ग्रामीणों ने चौकी प्रभारी को हटाने की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।

गौरतलब है कि 14 फरवरी को गांव के श्मशान घाट में दफनाई गई तीन वर्षीय बच्ची प्रिया साहू की कब्र खोदने पर उसका सिर धड़ से गायब मिला था। घटनास्थल के पास तंत्र-मंत्र से जुड़ी सामग्री मिलने के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल फैल गया था। मामले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था।

ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करने के लिए SIT का गठन किया है। वहीं लगातार बढ़ते डर और बेचैनी के बीच अब ग्रामीण पारंपरिक आस्था ‘आंगा देव’ की शरण में जाने की तैयारी कर रहे हैं। गांव वालों का कहना है कि उन्हें अब इंसाफ और सुरक्षा दोनों चाहिए।

Leave a Reply

Back to top button