छत्तीसगढ़

बच्चों को सुलाकर पति-पत्नी ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट से खुलासा..

दुर्ग। आर्य नगर में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। आर्थिक तंगी से परेशान गोविंद साहू और उनकी पत्नी ने कथित तौर पर पहले अपने दोनों बच्चों की हत्या की और फिर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे प्रदेश में शोक और हैरानी का माहौल है।

मौके से मिले सुसाइड नोट में गोविंद ने आर्थिक परेशानी को इस खौफनाक कदम की वजह बताया है। उसने लिखा कि “बच्चों को हम इस दुनिया में लाए हैं, इसलिए हम ही उन्हें अपने साथ ले जा रहे हैं।” साथ ही परिवार के किसी सदस्य को घटना के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया।

जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी ने बच्चों के मुंह में कपड़ा ठूसकर उनकी गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों ने नई प्लास्टिक की रस्सी से फांसी लगा ली। सुबह जब परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे, जबकि पति-पत्नी पंखे से लटके मिले।

बताया जा रहा है कि परिवार कुछ दिन पहले तिरुपति बालाजी और पुरी जगन्नाथ मंदिर दर्शन कर लौटा था। घटना से पहले रात में सभी ने साथ खाना खाया और बच्चों को मिठाई व आइसक्रीम खिलाई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button