छत्तीसगढ़

रायपुर में सराफा कारोबारी ने की आत्महत्या, घर में मिला शव..

रायपुर के कोतवाली इलाके में एक सराफा कारोबारी द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। कारोबारी ने गुरुवार शाम अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान प्रवाल सोनी के रूप में हुई है, जो अपने पिता अशोक पोद्दार के साथ पुरानी बस्ती में “श्री ज्वेलर्स” नाम की दुकान संचालित करते थे। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है

जांच के दौरान पुलिस को घर से एक डायरी मिली है, जिसमें प्रवाल सोनी ने अपने दिवंगत बेटे की याद आने और मानसिक पीड़ा का जिक्र किया था। प्रारंभिक जांच में मामला लंबे समय से चले आ रहे मानसिक तनाव और पारिवारिक सदमे से जुड़ा माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले प्रवाल सोनी के 12 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बेटे की मौत के कुछ समय बाद ही उनकी पत्नी सोना सोनी ने भी आत्महत्या कर ली थी। इन घटनाओं के बाद से प्रवाल गहरे सदमे में थे।

जानकारी के मुताबिक, बेटे की मौत के समय फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई गई थी। वहीं पत्नी की मौत के बाद मायके पक्ष ने घरेलू विवाद और मारपीट के आरोप भी लगाए थे। पुलिस ने उस मामले में भी आत्महत्या का केस दर्ज कर जांच की थी। अब प्रवाल सोनी की मौत के बाद परिवार की दर्दनाक कहानी फिर चर्चा में आ गई है।

फिलहाल कोतवाली थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button