छत्तीसगढ़

जंगल से आबादी में पहुंचा तेंदुआ, बच्चे पर हमले से गांव में डर का माहौल..

गरियाबंद। जिले में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली है। जिला मुख्यालय से लगे कोदोबतर के चट्टानपारा इलाके में गुरुवार रात एक तेंदुए ने 7 वर्षीय मासूम बच्चे पर हमला कर दिया। तेंदुआ बच्चे को जबड़े में दबाकर जंगल की ओर ले जा रहा था, लेकिन बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों ने साहस दिखाते हुए किसी तरह उसे बचा लिया।

जानकारी के अनुसार, चट्टानपारा निवासी धनेश कुमार पड़ोस के घर से टीवी देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और गर्दन दबोचकर जंगल की ओर ले जाने लगा। बच्चे की आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तेंदुए से भिड़ गए। काफी मशक्कत के बाद बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया जा सका।

हमले में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी गर्दन और शरीर पर गहरे जख्म बताए जा रहे हैं। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में अक्सर तेंदुए जंगल से निकलकर आबादी वाले इलाकों तक पहुंच जाते हैं। गरियाबंद मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर के दायरे में हर साल तेंदुओं की आवाजाही देखी जाती है, जिससे ग्रामीणों में भय बना रहता है।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इलाके में ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। साथ ही गांव में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। वन विभाग का कहना है कि तेंदुए की लोकेशन ट्रैक करने का प्रयास लगातार जारी है।

Leave a Reply

Back to top button