रायगढ़। चक्रधरनगर क्षेत्र में एक महिला से छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पतरापाली कोतरलिया निवासी माधो घोष उर्फ माधव यादव (65 वर्ष) के खिलाफ करीब 30 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि 18 मई की सुबह वह अपने पति की तलाश करते हुए आरोपी की दुकान के पास पहुंची थी। इसी दौरान आरोपी ने पति को फोन से बुलाने की बात कहकर महिला को बैठाया।
कुछ देर बाद आरोपी ने दुकान का गेट बंद कर महिला को गलत नियत से पकड़कर अंदर ले जाने की कोशिश की। महिला के विरोध और शोर मचाने पर वह किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर वहां से भाग निकली। जाते समय आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घर पहुंचकर महिला ने पूरी घटना अपने पति और परिजनों को बताई, जिसके बाद महिला थाना रायगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 48/2026 के तहत धारा 74, 75(1)(i), 351(3) बीएनएस में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।



