छत्तीसगढ़

पति के जाने का गम बना मौत की वजह, पत्नी ने उठाया आत्मघाती कदम..

बिलासपुर। Bilaspur जिले के पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोपालपुर से बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। पति की मौत का सदमा पत्नी सहन नहीं कर पाई और दो दिन बाद उसने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में लगातार दो मौतों से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम गोपालपुर निवासी रामनारायण केंवट की शादी चार साल पहले सुनीता बाई केंवट से हुई थी। दोनों सामान्य लेकिन खुशहाल जीवन जी रहे थे। 17 मई को रामनारायण घर में टुल्लू पंप चालू करने के दौरान करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पति की अचानक मौत के बाद सुनीता गहरे सदमे में चली गई थी। परिजनों के अनुसार, वह लगातार चुप रहने लगी थी और किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। मंगलवार देर रात उसने घर के कमरे में सीलिंग फैन से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों ने उसे नीचे उतारकर बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर Pachpedi Police मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

गांव में दो दिनों के भीतर हुई इस दुखद घटना से हर कोई स्तब्ध है। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और पूरे गांव में शोक का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Back to top button