रायपुर। आमासिवनी बस्ती में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला विधानसभा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सुकृत खांडे (35 वर्ष), निवासी पीएम आवास आमासिवनी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद हुई। इसी विवाद के दौरान राकेश गुप्ता उर्फ पानी, देवदास बंजारे, विक्की साहू और एक नाबालिग समेत चार लोगों ने मिलकर युवक पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया है और मामले की आगे जांच जारी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि परिजनों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।



