छत्तीसगढ़

सुशासन तिहार कार्यक्रम बना रणभूमि, पेट में चाकू लगने से सरपंच घायल..

डोंगरगढ़। छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पलांदूर में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान अचानक चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। इस हमले में गांव के सरपंच घायल हो गए, जिनके पेट में चोट आई है। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान मंच से भाषण चल रहा था। इसी बीच आरोपी जितेंद्र यादव ने अचानक सरपंच पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में सरपंच घायल हो गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सरपंच को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा सुशासन तिहार के तहत गांव-गांव समाधान शिविर आयोजित कर जनता की समस्याओं के निराकरण का दावा किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button