जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक घटना सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के घोघरा डैम में डूबने से 8 महीने की गर्भवती महिला और उसकी 8 वर्षीय बेटी की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक बालाझार गांव निवासी 32 वर्षीय सुकांती तिग्गा रविवार को अपनी दो बेटियों के साथ घोघरा डैम पर कपड़े धोने और नहाने गई थीं। इसी दौरान उनकी छोटी बेटी 8 वर्षीय मीनाक्षी तिग्गा नहाते समय गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
बेटी को बचाने के लिए 8 महीने की गर्भवती मां सुकांती तिग्गा तुरंत पानी में कूद गईं, लेकिन डैम की गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में डूब गए। घटना के समय मौजूद बड़ी बेटी 10 वर्षीय आराधना तिग्गा घबराकर गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को हादसे की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद मां और बेटी के शवों को डैम से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने डैम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।



