छत्तीसगढ़

तीन महीने की गर्भवती महिला की हत्या से इलाके में आक्रोश..

सरगुजा उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी तीन महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। महिला के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम भिठीकला निवासी 23 वर्षीय हीराबाई को उसके पति प्रदीप अगरिया ने गुरुवार दोपहर बेरहमी से पीटा। महिला के बेसुध होने के बाद आरोपी उसे बाइक से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। पत्नी की मौत होते ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर 16 चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया तो घर के कमरे और दरवाजे के पास खून के धब्बे मिले। मौके पर संघर्ष और घसीटने के भी निशान पाए गए हैं।

घटना की प्रत्यक्षदर्शी महिला की 5 वर्षीय बेटी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। बच्ची के बयान के बाद पुलिस मामले को गंभीरता से जांच रही है।

पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। सरगुजा एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई है।

Leave a Reply

Back to top button