छत्तीसगढ़

रायगढ़ में महिला अधिवक्ता की हत्या, पहचान छिपाने चेहरा पत्थर से कुचला..

रायगढ़। Raigarh जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में महिला अधिवक्ता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तुमीडीह डैम किनारे जंगल में 12 मई को अर्धनग्न हालत में मिली युवती की लाश की पहचान 31 वर्षीय महिला वकील के रूप में हुई है। हत्या के बाद पहचान छिपाने के लिए चेहरे को पत्थर से बुरी तरह कुचल दिया गया था।

जानकारी के मुताबिक, मृतका लैलूंगा ब्लॉक के एक गांव की रहने वाली थी और रायगढ़ जिला अधिवक्ता संघ की सदस्य थी। घटना स्थल पर युवती के कपड़े बिखरे मिले थे। पुलिस जांच में गर्दन के पीछे धारदार हथियार से वार के निशान भी मिले हैं।

मृतका की बहन ने बताया कि 12 मई को उन्होंने अपनी बहन को फोन किया था, लेकिन मोबाइल बंद था। अगले दिन फोन चालू हुआ तो किसी दूसरी लड़की ने कॉल रिसीव किया और कहा कि दीदी सो रही है। इसके बाद परिवार को सीधे शव मिलने की सूचना मिली।

घटना की जानकारी मिलते ही Raigarh District Bar Association के सदस्य आक्रोशित हो गए। अधिवक्ता संघ ने एसएसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है। संघ ने यह भी कहा है कि आरोपी की पैरवी कोई अधिवक्ता नहीं करेगा।

पुलिस फिलहाल हत्या, पहचान छिपाने की साजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Back to top button