छत्तीसगढ़

प्रदेश के अधिकांश जिलों में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत, रायपुर में फ्यूल स्टेशनों पर गाड़ियों की लंबी कतारें..

रायपुर राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में पेट्रोल-डीजल की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। ईंधन की सप्लाई प्रभावित होने से कई पेट्रोल पंप बंद हो चुके हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है, वहां सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई हैं और सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है।

बिलासपुर में स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। जानकारी के अनुसार जिले के 13 पेट्रोल पंपों में ईंधन पूरी तरह खत्म हो चुका है। कई पंपों पर “नो पेट्रोल” और “नो डीजल” के बोर्ड लगाए गए हैं। बाकी बचे पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। वाहन चालक घंटों लाइन में लगकर पेट्रोल-डीजल भरवाने को मजबूर हैं। इसका असर परिवहन सेवाओं, निजी संस्थानों और सरकारी विभागों पर भी दिखाई देने लगा है।

वहीं दंतेवाड़ा में डीजल संकट और गहरा गया है। अधिकांश पेट्रोल पंपों में डीजल खत्म हो चुकी है, जिसके चलते कई पंपों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। डीजल नहीं मिलने से ट्रांसपोर्टर परेशान हैं और मालवाहक वाहनों के संचालन पर असर पड़ने लगा है। सप्लाई प्रभावित होने से व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

यदि जल्द ही पेट्रोल-डीजल की सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ईंधन संकट ने आम जनता के साथ-साथ परिवहन और कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Back to top button