रायगढ़। Raigarh जिले में तेज रफ्तार कार हादसे का शिकार हो गई। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम देहजरी के पास देर रात एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, कन्हैया लाल बंजारे (50) अपने परिवार और साथियों के साथ किसी काम से अंबिकापुर गए हुए थे। कार में उनकी पत्नी ललिता बंजारे, अंजली बंजारे, भास्कर बंजारे और बसंत गबेल भी सवार थे। सभी लोग देर रात अपने गांव कर्रापाली लौट रहे थे।
इसी दौरान रात करीब 3 बजे ग्राम देहजरी के पास तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कन्हैया लाल बंजारे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



