रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी Raipur में बम बनाने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खमतराई थाना क्षेत्र के रावाभाठा इलाके से आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को लेकर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी विनय देवांगन बिरगांव नगर निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला बताया जा रहा है। पुलिस को 7 मई को सूचना मिली थी कि इलाके के एक मकान में बम बनाने का काम चल रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और साइबर टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
तलाशी के दौरान घर से बैटरी, केमिकल की बोतलें, तार, डेटोनेटर, रिमोट और पिस्टल जैसी संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि यह सामान विनय देवांगन ने वहां रखा था।
मामले में एक और बड़ा खुलासा तब हुआ जब पूछताछ में सामने आया कि आरोपी का महापौर नंदलाल देवांगन से पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद आरोपी ने महापौर को बम से उड़ाने की धमकी भी दी थी।
मामला सामने आने के बाद आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आखिरकार छापेमारी कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी का मकसद क्या था और इस पूरे मामले में कौन-कौन लोग शामिल हैं।



