छत्तीसगढ़

रायपुर में बम बनाने का सामान बरामद, इलाके में मचा हड़कंप..

रायपुर। राजधानी रायपुर के रावाभाठा इलाके में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान से देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली संदिग्ध सामग्री मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया और पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी गई।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर-13 स्थित एक मकान में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना पुलिस को मिली थी। इसके बाद रायपुर नॉर्थ थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर से तार, बैटरी, पाउडरनुमा पदार्थ और अन्य संदिग्ध उपकरण बरामद किए गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बम स्क्वॉड, साइबर टीम और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स को मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने संदिग्ध सामग्री की जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सामान विस्फोटक तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जाना था या नहीं।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल देखने को मिला। आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए और भारी संख्या में भीड़ जमा हो गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर लोगों की आवाजाही सीमित कर दी।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मकान में मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस पूरे मामले के पीछे कौन लोग शामिल हैं और संदिग्ध सामग्री कहां से लाई गई थी।

Leave a Reply

Back to top button