दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में दुष्कर्म के आरोपी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके अवैध मकान पर बुलडोजर चला दिया। यह कार्रवाई नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। आरोपी पर नाबालिग से दुष्कर्म और मारपीट का गंभीर मामला दर्ज है।
जानकारी के अनुसार, पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना निवासी आरोपी किशोर चौहान उर्फ चेटा के खिलाफ पहले से मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी और उसका परिवार शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान बनाकर रह रहे थे।
नगर निगम द्वारा पहले ही नोटिस जारी कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आदेश की अनदेखी की गई। इसके बाद 4 मई को प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर से अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
इस कार्रवाई को प्रशासन की सख्ती और कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी इस कार्रवाई को उचित ठहराते हुए समर्थन जताया है।



