छत्तीसगढ़

गुंडरदेही में हड़कंप: कोर्ट में पहुंचा धमकी भरा खत, मजिस्ट्रेट को जान से मारने की धमकी..

बालोद। जिले के गुंडरदेही में पदस्थ न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी प्रशांत कुमार देवांगन को 2 से 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है। इस मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

27 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:25 बजे न्यायालयीन कार्य के दौरान एक पोस्टमैन मजिस्ट्रेट के कार्यालय में एक बंद लिफाफा देकर गया। लिफाफा खोलने पर उसमें एक हस्तलिखित पत्र मिला, जिसमें नीली स्याही से धमकी भरे शब्द लिखे थे।

पत्र में आरोपी ने खुद को नक्सली संगठन से जुड़ा बताया है और मांग पूरी नहीं होने पर मजिस्ट्रेट व उनके परिवार को जान से मारने की चेतावनी दी है। साथ ही पत्र में मजिस्ट्रेट पर रिश्वत लेने, गलत फैसले देने और गरीबों के साथ अन्याय करने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। अंत में “नक्सली संगठन कांकेर-बस्तर” का नाम लिखकर खुली धमकी दी गई है।

घटना के बाद मजिस्ट्रेट ने तुरंत थाने पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी सुरक्षा बढ़ाने की मांग भी की गई है।

पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और लिफाफे, लिखावट व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Back to top button