छत्तीसगढ़

घुसखोर सहकारिता निरीक्षक 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, 1 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग..

सूरजपुर। संविदा नियुक्ति प्रक्रिया में भ्रष्टाचार के मामले में एसीबी ने कार्यवाही की है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) अंबिकापुर की टीम ने बुधवार देर शाम सूरजपुर के सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। सहकारिता निरीक्षक ने संविदा लेखापाल पद पर नियुक्ति दिलाने के एवज में एक अभ्यर्थी से रिश्वत की रकम की मांग की थी। जिसकी पहली किश्त लेते हुए एसीबी ने उन्हें ट्रैप कर लिया।

प्रतापपुर विकासखंड के करसी निवासी शुभम जायसवाल ने मां समलेश्वरी बहुउद्देशीय कृषक उत्पादक सहकारी समिति मर्यादित, टुकुडांड (जिला सूरजपुर) में लेखपाल पद के लिए आवेदन किया था। 1 दिसंबर 2025 को जारी पात्र-अपात्र सूची में उनका नाम पात्र सूची में शामिल हुआ। इसके बाद 5 दिसंबर को आयोजित दक्षता परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन, टाइपिंग टेस्ट और साक्षात्कार में उन्होंने सफलतापूर्वक भाग लिया।

नियुक्ति आदेश जारी करने के बदले सहकारिता निरीक्षक अभिषेक सोनी ने शुभम से 1 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता शुभम जायसवाल द्वारा अधिक रकम देने से मना करने पर आरोपी पहले 1 लाख रुपये पर अड़ा, फिर सौदा 80 हजार रुपये में तय हुआ।

आरोपी ने दबाव बनाते हुए कहा कि यदि 17 दिसंबर 2025 तक राशि नहीं दी गई तो किसी अन्य अभ्यर्थी को नियुक्ति दे दी जाएगी। इससे परेशान होकर शुभम जायसवाल ने पूरे मामले की शिकायत ACB अंबिकापुर से कर दी। ACB अंबिकापुर के DSP प्रमोद कुमार खेस ने बताया कि शिकायतकर्ता का टाइप किया हुआ आवेदन आज ही प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर तत्काल कार्रवाई की गई। आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ एंटी करप्शन कानून के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

 

Leave a Reply

Back to top button