बीजापुर। जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 2 नक्सली मारे गए हैं। दोनों के शव और मौके से हथियार बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त नहीं हुई है। जवान मौके पर ही मौजूद हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मामला जिले के मद्देड़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मद्देड़ के बड्डेपारा में बड़ी संख्या में मद्देड़ एरिया कमेटी के नक्सली मौजूद है। इसके बाद बीजापुर से DRG की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। आज सुबह मुठभेड़ हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों ओर से अब भी गोलीबारी जारी है।
दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में जवानों ने एक महिला समेत 2 नक्सलियों को ढेर कर दिया है। दोनों के शवों को बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में ढेर महिला माओवादी मनीला है। ये DVCM कैडर की है। इस पर 8 लाख रुपए का इनाम घोषित है। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
5 लाख की ईनामी नक्सली गिरफ्तार
सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। जिला सुरक्षा बल, डीआरजी सुकमा, डीआरजी बस्तर एवं 206 कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर से लगे गांव से इनामी महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है। महिला नक्सली जिला दंतेवाड़ा थाना अरनपुर क्षेत्र के अंतर्गत पोटाली गांव की निवासी है।
गिरफ्तार की गई महिला नक्सली नक्सल संगठन के साथ मिलकर पिछले 5-6 सालों से लगातार सरकार के खिलाफ उनके नापाक इरादों को अंजाम दे रही थी। जिसके कारण राज्य सरकार ने महिला नक्सली पर 5 लाख रूपये का इनाम रखा था।
केरलापाल क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने बताया कि पकड़ी गई महिला नक्सली नक्सलियों की मलांगिर एरिया कमेटी की डॉक्टर टीम की कमांडर थी। जिसे केरलापाल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है, जिसका नाम बारसे मुये बताया जा रहा है। जिस पर पांच लाख रुपए का इनाम था।



