आगरा व झांसी के नगर आयुक्त समेत छह आईएएस अफसरों का तबादला

लखनऊ
उत्तर प्रदेश में मंगलवार देर रात प्रशासनिक फेरबदल किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार ने छह आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। कोविड-19 महामारी की रोकथाम में डीएम के साथ आपसी समन्वय न बन पाने की वजह से आगरा व झांसी के नगर आयुक्तों को हटा दिया गया है। झांसी के नगर आयुक्त को नाराजगी के चलते प्रतीक्षा सूची में डाल दिया गया है।
अरुण प्रकाश नगर आयुक्त नगर निगम आगरा को विशेष सचिव सचिवालय प्रशासन बनाया गया है और मनोज कुमार नगर आयुक्त नगर निगम झांसी को प्रतीक्षारत कर दिया गया है। सीडीओ झांसी निखिल टीकाराम फुंडे को आगरा नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। इसी तरह अवनीश कुमार राय सीडीओ श्रावस्ती को नगर निगम झांसी का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। शैलेश कुमार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कन्नौज को सीडीओ झांसी और कुमार हर्ष ज्वाइंट मजिस्ट्रेट चंदौली को सीडीओ श्रावस्ती के पद पर तैनाती दी गई है।