रायपुर ।पूर्व मंत्री और छत्तीसगढ़ बीजेपी के उपाध्यक्ष हेमचंद यादव आज पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। उन्हें बड़े बेटे राजदीप यादव ने मुखाग्नि दी। गमगीन माहौल में स्व यादव को दुर्ग के हरनाबांधा मुक्तिधाम में अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान सीएम रमन सिंह, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, विधानसभा अध्यत्र गौरीशंकर अग्रवाल, कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, स्वास्थ्य मंत्री अजय चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में मंत्री विधायक, बीजेपी पदाधिकारी और आम लोग उपस्थिति थे।
स्व यादव का बुधवार को रात दो बजे दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया था। गुरूवार को स्व यादव को पहले निवास और उसके बाद पार्टी कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। इसके बाद उनकी अंतिम यात्रा दुर्ग के मुक्तिधाम के लिए रवाना हुई। शहर के अलग-अलग इलाकों से होकर उन्हें मुक्तिधाम ले जाया गया। इस दौरान शहर में दुकानें बंद रही और लोग उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।दुर्ग। मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह ने दुर्ग विश्वविद्यालय का नाम पूर्व मंत्री हेमचंद यादव के नाम पर रखने की घोषणा की है। मुक्तिधाम में श्रद्धांजलि सभी के दौरान सीएम ने इसकी घोषणा की।
उल्लेखनीय है कि साल 2015 में रायपुर के पंडित रविशंकर शुक्ल विवि से अलग होकर दुर्ग विवि अस्तित्व में आया था। अलग अस्तित्व में आने के बाद इसे दुर्ग विवि के नाम से जाना जा रहा था, लेकिन आज मुख्यमंत्री डॉ सिंह ने विवि के नामकरण की घोषणा की। स्व यादव दुर्ग शहर से तीन बार विधायक रहे हैं और राज्य सरकार में मंत्री भी रहे हैं। उनके निधन के बाद सरकार ने विवि का नाम हेमचंद यादव की स्मृति में रखने का फैसला लिया है।