छत्तीसगढ़पॉलिटिक्स

CG:खैरागढ़ राजपरिवार का झगड़ा फिर सामने आया..स्व. देवव्रत सिंह की पत्नी ने लगाए पूर्व पत्नी पर गंभीर आरोप..”राजनैतिक स्वार्थवश पद्मा को बच्चों की याद आ रही है” – विभा सिंह..

 

रायपुर

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में राजपरिवार का झगड़ा एक बार फिर खुलकर सामने आया है। खैरागढ़ रियासत के श्री देवव्रत सिंह के निधन के बाद उनकी पत्नी और पूर्व पत्नी के बीच विवाद की स्थिति बन गई है। स्व. श्री देवव्रत सिंह की वर्तमान पत्नी श्रीमती विभा सिंह ने उनकी पूर्व पत्नी श्रीमती पद्मा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। अपनी पीड़ा को बताने श्रीमती विभा सिंह ने आज रायपुर प्रेस क्लब में प्रेसवार्ता ली।

श्रीमती विभा सिंह ने प्रेसवार्ता के दौरान 10 बिंदुओं को शामिल करते हुए विज्ञप्ति मीडिया के सामने रखी। इसमें उन्होंने बताया कि वे स्व. श्री देवव्रत सिंह की ब्याहता पत्नी हैं और अब उनकी विधवा भी हैं। उन्होंने कहा कि स्व. श्री देवव्रत सिंह की पत्नी और वारिश होने का दावा करने वाली श्रीमती पद्मा सिंह वास्तव में अब श्रीमती पद्मा सिंह नहीं बल्कि पद्मा पंत हैं, क्योंकि पद्मा ने हिमाचल निवासी नितिन पंत के साथ विवाह कर लिया है, जिससे साक्ष्य के तौर पर फोटोग्राफ भी उपलब्ध हैं। यह फोटोग्राफ पद्मा और नितिन पंत के सोशल मीडिया अकाउंट से ही निकाले गए हैं। वर्षों पहले ही स्व. श्री देवव्रत सिंह और श्रीमती पद्मा सिंह के बीच तलाक हो चुका है। तलाक के एवज में पद्मा ने स्व. श्री देवव्रत सिंह से 11 करोड़ रुपये की बड़ी रकम भी लिया था। यह रकम तब स्व. श्री देवव्रत सिंह ने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर दिया था, जिससे वे बड़े आहत भी थे।

श्रीमती विभा सिंह ने, श्रीमती पद्मा पर आरोप लगाया कि अब राजनैतिक स्वार्थवश पद्मा को बच्चों की याद आ रही है, जबकि जब तलाक हुआ उस समय बच्चों की उम्र बहुत कम थी, उन्हें मां की आवश्यकता थी, लेकिन तब पद्मा उन्हें छोड़कर नितिन पंत के साथ शादी कर चली गईं। श्रीमती विभा सिंह ने कहा कि, पद्मा ने जब नितिन पंत से विवाह कर लिया है तो अब किस हैसियत से वह खैरागढ़ में आकर रह रही हैं। इसे उन्होंने पद्मा का राजनैतिक स्वार्थ ही बताया। उन्होंने कहा कि, “आज पद्मा खैरागढ़ में घूम-घूमकर अपने आप को स्व. श्री देवव्रत सिंह की विधवा बताते हुए राजनैतिक रोटी सेंकने का काम कर रही हैं। जबकि वह आज स्व. श्री देवव्रत सिंह की तलाकशुदा पत्नी और वर्तमान में नितिन पंत की पत्नी हैं। आज पद्मा को खैरागढ़ में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।” श्रीमती विभा सिंह ने कहा कि, खैरागढ़ क्षेत्र की जनता को पद्मा को जवाब देगी और खैरागढ़ से निकाल बाहर करेगी।

Back to top button