रायपुर । मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गणेश चतुर्थी और सार्वजनिक गणेश उत्सव की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर आज यहां जारी शुभकामना संदेश में कहा है कि हमारी महान भारतीय संस्कृति में भाद्र शुक्ल चतुर्थी के दिन विद्या और बुद्धि के देवता भगवान श्री गणेश जी की पूजा का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है।
भारतीय परिवारोें में किसी भी शुभ कार्य से पहले गणेश पूजा का विधान हजारों वर्षों से चला आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा- महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक ने देशवासियों में राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक समरसता की भावना को और भी ज्यादा व्यापक बनाने के लिए महाराष्ट्र में
वर्ष 1893 में सार्वजनिक गणेश उत्सवों की महान परम्परा की शुरूआत की थी। गणेश उत्सव को करोड़ों भारतवासियों का महापर्व बनाने में तिलक जी के इस ऐतिहासिक योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। डॉ. रमन सिंह ने गणेश उत्सव के अवसर पर भगवान श्रीगणेश से सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि लाने की प्रार्थना की है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी…
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्न-विनाशक तथा ज्ञान एवं बुद्धि के देवता माने जाते हैं। किसी भी कार्य के शुभारंभ के लिए गणपति की पूजा की जाती है। गणेशोत्सव एक ऐसा पर्व है, जिसके माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन के समय से ही देशवासियों को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया गया था और इस कार्य में अद्भूत सफलता मिली थी। राज्यपाल ने इस अवसर पर प्रदेश के नागरिकों के सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल जीवन की कामना की है।