ग्वालियर। स्वच्छ सर्वेक्षण में ग्वालियर के 13वें नंबर पर पहुंचने से नगर निगम अमले सहित समूचे शहर के इरादे और मजबूत हुए हैं। इससे उत्साहित होकर नगर निगम प्रशासन ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2021 की तैयारियां 5/7 स्टार प्रमाणीकरण के अनुसार शुरु कर दी हैं। शहर की इस उपलब्धि पर निगमायुक्त संदीप माकिन ने नगर निगम अमले की पीठ थपथपाने के साथ सभी लोगों को भी बधाई दी है।
निगम कमिश्नर श्री माकिन ने शहर के खाते में दर्ज हुई इस सफलता को सभी के सम्मिलित प्रयासों का परिणाम बताया है। साथ ही उन्होंने अगली बार टॉप-10 में आने के लिए नगर निगम स्टाफ से और अधिक जिम्मेदारी के साथ उत्तरदायित्व का निर्वाहन करने एवं शहरवाशियों से और ज्यादा जागरुकता एवं सकारात्मकता के साथ भागीदारी किए जाने की उम्मीद जताई है।
इन प्रयासों ने दिलाई सफलता
कचरे के संग्रहण एवं प्रसंस्करण के लिए नगर निगम द्वारा शहर के सभी वार्डों में सीधे घरों से कचरे का संग्रहण किया गया।
गीले कचरे से खाद एवं सूखे कचरे से आरडीएफ बनाया गया तथा हानिकारक कचरे का इन्सिनेटर के माध्यम से निपटान किया गया।
निर्माण एवं विध्वंश कचरे के निपटान के लिए जीरो कैपिटल निवेश आधारित एक आदर्श मिडिल तैयार किया गया।
बरा डंपिंग साईट का पूर्ण रूप से निपटान किया गया, जहां निकाय द्वारा बाउंड्रीवाल बनाकर कर वन विकसित किया जा रहा है।
शहर के सभी व्यवसायिक, सार्वजनिक एवं अन्य स्थलों पर पॉलिथीन पर प्रतिबंध के साथ-साथ लोगों को जागरुक किया जाना।
शहर की 10 प्रमुख सड़कों को आदर्श बनाते हुए रोड लाइटिंग, डिवाइडर सौन्दर्यीकरण एवं स्वीपिंग मशीन द्वारा सफाई का काम शुरु किया गया।